नीमच। जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मुख्य समारोह 15 अगस्त को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच के मैदान पर आयोजित किया जाएगा।
समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को इसी मैदान पर अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव एवं एएसपी हेमलता अग्रवाल ने परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का अवलोकन किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने जीप से परेड का निरीक्षण कर विभिन्न टुकड़ियों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
समारोह में एसएएफ, जिला पुलिस बल के महिला एवं पुरुष दल, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट, शौर्य दल एवं होमगार्ड की टुकड़ियां भाग लेंगी। जिला पुलिस बैंड एवं सीआरपीएफ बैंड द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी।
पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन किया। वहीं पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति का अभ्यास किया।
मुख्य समारोह में 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल से सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जौक, श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।