नीमच। जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम थड़ोद में एक धार्मिक स्थल पर कब्जे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कालबेलिया समाज ने कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके 200 साल पुराने इष्टदेव भैरूजी के स्थान पर गाँव के कुछ लोग जबरन कब्जा कर रहे हैं।
समाजजनों ने बताया कि इस स्थान पर वे वर्षों से पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम करते आ रहे हैं। नवरात्रि पर यहाँ से पारंपरिक निशान भी निकाला जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
आवेदन में छीतरमल पिता रूपा जी, गोपाल पिता छीतरमल, मुरली पिता छीतरमल, नारायण पिता रूपा और दुर्गेश पिता नारायण बलाई पर धार्मिक भूमि पर कब्जे का आरोप लगाया गया है। समाज का कहना है कि ये लोग इस भूमि को खुर्द-बुर्द कर गाँव में तनाव फैला रहे हैं।
प्रार्थीगण ने बताया कि पूर्व में तहसीलदार और थाना प्रभारी को आवेदन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए उन्होंने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप कर कब्जाधारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है।