मुरैना। जिले में लगातार खाद की किल्लत किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। शुक्रवार को कैलारस कस्बे में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 552 (एनएच 552) पर जाम लगा दिया।
जाम के दौरान किसानों ने बसों की छतों पर चढ़कर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन करीब आधे घंटे तक चला, जिससे मुरैना से सबलगढ़ जाने वाला मार्ग पूरी तरह से ठप हो गया।
पांच दिन से खाद के लिए भटक रहे किसान
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि वे पिछले पांच-छह दिनों से खाद के लिए लाइन में लग रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल पा रही। अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, जिस कारण उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।
प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
करीब 30 मिनट तक हाईवे पर जाम रहने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को खाद वितरण का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम हटाया और मार्ग बहाल हुआ। नायब तहसीलदार नरेश शर्मा ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवकाश के कारण भीड़ अपेक्षाकृत अधिक थी, जिससे व्यवस्था प्रभावित हुई।
कुछ युवकों ने भड़काया, की जा रही जांच
नायब तहसीलदार ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों ने किसानों को उकसाकर सड़क पर बैठाया। इस पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। साथ ही उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि खाद वितरण का कार्य जल्द ही सुचारु रूप से जारी रहेगा और किसानों को आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी।