भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ओबीसी आरक्षण को लेकर राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अपने हालिया एक्स पोस्ट में कमलनाथ ने कहा कि सरकार ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर बार-बार उलझ रही है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सरकार के इशारे पर सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल किया था, जिसमें ओबीसी आरक्षण से संबंधित याचिकाओं को खारिज करने की मांग की गई थी। हालांकि, अब आयोग ने इस हलफनामे के लिए माफी मांगी है।
कमलनाथ ने आरोप लगाया कि यह हलफनामा सरकार के दबाव में दाखिल किया गया और अब सरकार चेहरा बचाने के लिए नया नाटक रच रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पहले ही लागू किया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने कभी रोका नहीं। फिर भी, मौजूदा सरकार नए प्रपंच रच रही है।
कमलनाथ ने सर्वदलीय बैठक को जनता को गुमराह करने की कोशिश करार दिया और मांग की कि सरकार तत्काल 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करे। उन्होंने कहा कि सरकार का यह रवैया ओबीसी समुदाय के हक को कमजोर करने की साजिश है।