खरगोन। नगर की पहचान एवं प्रदेश के सबसे बड़े मेलों में शुमार श्री नवग्रह मेला इस बार 1 जनवरी से शुरु होगा। इस बार मेले समापन की अवधि एक सप्ताह बढ़ाई गई है। इसके अलावा मेले के दौरान ही नगर गौरव दिवस का आयोजन भी भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इन सांस्कृतिक आयोजनों का निर्णय सोमवार को नगर पालिका परिषद के साधारण व्यापक सम्मेलन में लिया गया।
यह निमाड़ क्षेत्र का सबसे बड़ा मेला है। जिसमें श्रद्धालु मंदिर दर्शन के साथ-साथ झूले, स्थानीय बाजार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हैं, और इस मेले की व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका और प्रशासन तैयारी करते है। मेला न केवल सांस्कृतिक, मनोरंजन के लिए ही नही बल्कि पशु मेले के नाम से भी लोकप्रिय है। इस मेले में निमाड़ नस्ल के बैलों की खासी पूछपरख होती है। इस मेले में न केवल मप्र, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों से भी पशुपालक बैलजोड़ी खरीदने पहुंचते है।
आमतौर पर 1 जनवरी पर भूमिपूजन कर मेले की शुरुआत की जाती है, लेकिन यह अपनी पूरी रंगत पर 20 जनवरी तक आता है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी ने बताया कि साधारण सम्मेलन में 17 बिंदूओं पर विचार-विमर्श, प्रशासकीय स्वीकृति को लेकर चर्चा की गई। नगर विकास कार्यों के साथ ही गौरव दिवस एवं नवग्रह मेले को लेकर निर्णय लिया गया है। नगर गौरव दिवस 14 एवं 15 जनवरी को मनेगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं भी होगी।