चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं नगरीय सेवाओं को वार्ड स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी नगरीय निकायों में 18 जून से 15 जुलाई 2026 तक शहरी सेवा शिविर-2026 आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि नगर परिषद चित्तौड़गढ़ एवं निम्बाहेड़ा सहित नगरपालिका बड़ीसादड़ी, कपासन, रावतभाटा, बेगूं और आकोला में वार्डवार शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे तथा पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।
शिविरों में नगरीय विकास, राजस्व, सामाजिक न्याय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जलदाय, विद्युत तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही लंबित प्रकरणों का निस्तारण, प्रमाण-पत्र वितरण, शिकायतों का समाधान एवं विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला कलक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने वार्ड में निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिकांश कार्यों का निस्तारण मौके पर ही किया जाएगा, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को विभिन्न नगरीय निकायों में फॉलोअप शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि शेष प्रकरणों का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।