खरगोन। शहर के वार्ड क्रमांक-2 क्षेत्र में दूषित पेयजल सप्लाई का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि लंबे समय से घरों में कीचड़युक्त और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संकट पैदा हो गया है।
बस्ती के रहवासियों फरीदा बी, हबीब खां, जुबेदा बी, सईदा बी सहित अन्य लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से नलों में बेहद गंदा पानी आ रहा है। पानी इतना दूषित है कि उसका उपयोग पीने तो दूर, घरेलू कार्यों में भी करना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दूषित पानी के सेवन से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक कई लोग बीमार पड़ गए हैं। बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसी समस्याओं के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
वार्ड पार्षद अरुणा उपाध्याय ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे रहवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।