रामपुरा। नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी एवं उनके विरुद्ध अपराध करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत थाना रामपुरा पुलिस ने एक वर्ष से फरार अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं प्रभारी एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विपिन मसीह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2025 को ग्राम सोनड़ी निवासी बाबूलाल बंजारा ने थाना रामपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री 13 जून की सुबह घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया था। जांच में सामने आया कि शंकर पिता रोडीलाल बंजारा निवासी दरगपुरा, थाना मनासा, बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था तथा उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
थाना रामपुरा पुलिस ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता एवं लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विपिन मसीह, सहायक उपनिरीक्षक हरिसिंह सिसोदिया, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र नागदा, प्रदीप तिवारी, आरक्षक रघुवीर सिंह, विजय बारीवाल, जितेन्द्र प्रजापत, मुकेश मछार, महिला आरक्षक पूर्णिमा तिवारी, साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे, साइबर सेल टीम तथा आरक्षक कमल गुर्जर (थाना मनासा) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।