नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार ‘प्रशासन आपके द्वार’ अभियान के तहत 18 जून को मनासा विकासखंड के ग्राम कंजार्डा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर एवं रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट परिसर, नीमच से जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई यात्री बस से सामूहिक रूप से कंजार्डा के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को शासकीय अथवा निजी वाहनों के उपयोग से बचते हुए सामूहिक यात्रा करने के निर्देश दिए हैं।
रात्रि चौपाल एवं जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम कंजार्डा सहित आसपास के गांवों के नागरिकों की राजस्व, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं की सुनवाई कर उनका मौके पर समाधान किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण का आग्रह किया है।