सोनकच्छ। थाना प्रभारी अजय गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत सदस्य के भाई को रंगे हाथों पकड़ा है।
गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि भोपाल-देवास हाईवे पर स्थित सवेरा रेस्टोरेंट में अवैध शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर एसडीओपी दीपा माण्डवे के निर्देशन में टीआई अजय गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्टोरेंट पर दबिश दी।
पुलिस को रेस्टोरेंट के काउंटर से अवैध शराब मिली। इसी दौरान रेस्टोरेंट मालिक कार से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से सफेद और अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद की गईं।
पुलिस ने कुल 80 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी बाजार कीमत करीब 33 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में रेस्टोरेंट मालिक सोनू पिता रामचंद्र यादव (35), निवासी सोनकच्छ और चंदन पिता ईश्वर जोशी (21), निवासी घट्टिया घोंसला, उज्जैन के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोनू यादव, सोनकच्छ जनपद पंचायत के सदस्य रवि यादव का छोटा भाई है, जिस पर पूर्व में भी अवैध शराब बिक्री के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।