चित्तौड़गढ़। राज्य के चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल ने शुक्रवार को अपना 66वां स्थापना दिवस समारोह हर्षाेल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। स्थापना दिवस की संध्या पर स्कूल के शंकर मेनन सभागार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्कूल कैंपस की प्रथम महिला मोनिका जसरोटिया थीं। कार्यक्रम के संयोजक सी एल भंडारकर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त राजस्थानी लोकगीत कलाकार जमाल खान एवं उनकी प्रतिभाशाली टीम ने अपनी समृद्ध लोक गायन प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध राजस्थानी लोकगीत ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात कलाकारों ने ‘गोरबंद’, ‘छाप तिलक सब छीनी’, ‘लड़ली लूमा झूमा’, ‘घूमर’ सहित विभिन्न लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की शानदार जुगलबंदी ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में राजस्थान के प्रसिद्ध लोकगीत ‘निंबुड़ा’ की जोशीली प्रस्तुति ने पूरे सभागार को उत्साह और उमंग से भर दिया। लोकगीतों के साथ प्रस्तुत किए गए मनमोहक राजस्थानी लोक नृत्यों ने राजस्थान की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कलाकारों की सधे हुए गायन, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि मोनिका जसरोटिया, स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार ने लोक कलाकार जमाल खान एवं उनकी टीम के सदस्यों को उपरना पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय सी एल भंडारकर ने किया। मंच का संचालन कैडेट अंश बिलवाल ने किया।