झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा, यातायात सुधार और दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में MoRTH गाइडलाइन के अनुसार फूलमाल तिराहा को ब्लैक स्पॉट घोषित किए जाने पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने NHAI को निर्देश दिए कि यहां रम्बल स्ट्रिप और संकेतक लगाने का कार्य 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने सभी विभागों को सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित कर शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में ट्रैफिक डिकंजेशन और अतिक्रमण हटाने को प्राथमिकता देने को कहा गया।
बस स्टैंड, छत्री चौक, गांधी प्रतिमा के पीछे और अन्य क्षेत्रों में यातायात सुधार के लिए अस्थायी दुकानों एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए। छोटे तालाब क्षेत्र में वॉकिंग पाथवे को अतिक्रमण मुक्त करने को कहा गया।
जिले में अब तक 372 सड़क दुर्घटनाओं में 58 लोगों की मृत्यु और 449 लोग घायल होने की जानकारी दी गई। इस पर कलेक्टर ने हेलमेट अनिवार्यता और रेंडम चेकिंग सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री कैशलेस उपचार योजना और राहवीर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अस्पतालों में शत-प्रतिशत प्रकरण दर्ज करने और आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।