शाजापुर। शहर के विजयनगर क्षेत्र में बारिश के दिनों में मुख्य सड़क आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। एबी रोड से जुड़ी विजयनगर कॉलोनी में बंदूक की दुकान के समीप स्थित सड़क पर बना गहरा गड्ढा बारिश के दौरान पानी से भरकर छोटी तलैया का रूप ले लेता है, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार, यह सड़क पॉश कॉलोनी को शहर के प्रमुख मार्ग से जोड़ती है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। बारिश के दौरान करीब दो फीट तक पानी भर जाने से स्कूली बच्चों से भरे ऑटो, दुपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी जोखिम उठाकर यहां से गुजरना पड़ता है। कई बार दुपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं। स्थिति यह है कि लोगों को इस मार्ग से बचने के लिए लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
रहवासियों का कहना है कि वार्ड क्रमांक-26 के पार्षद को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका प्रशासन से इस ओर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की है।
सड़क निर्माण कार्य पर भी उठे सवाल-
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं अधूरे निर्माण पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बंदूक की दुकान के समीप सड़क निर्माण कार्य तो किया गया, लेकिन आगे का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। रहवासियों का आरोप है कि संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा समुचित जल निकासी एवं सड़क निर्माण नहीं किए जाने से यह गड्ढा आमजन के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से शीघ्र इस समस्या का स्थायी समाधान कर सड़क की मरम्मत एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।