मंदसौर/श्रीनगर/भोपाल। अमरनाथ यात्रा के दौरान बालटाल के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुई मंदसौर जिले के श्रद्धालुओं की बस के सभी यात्री अब सकुशल अपने गृह क्षेत्र के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जम्मू-कश्मीर और मंदसौर प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखा तथा घायलों के उपचार, राहत और सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर नवागत कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने यात्रियों की वापसी के लिए रेडक्रॉस सोसायटी से 2 लाख 10 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की। वहीं, पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी एडीएम एकता जायसवाल को सौंपी गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुविधाजनक वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने दिल्ली से एक सर्वसुविधायुक्त बस जम्मू-कश्मीर के बालटाल भेजी। साथ ही राजस्थान के यात्रियों के लिए ट्रेन टिकट की भी व्यवस्था कराई गई।
गुरुवार शाम 28 पुरुष और 19 महिला श्रद्धालु विशेष बस से मंदसौर के लिए रवाना हुए, जबकि 10 यात्री ट्रेन से राजस्थान के लिए रवाना किए गए।
यात्रियों और उनके परिजनों ने सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंदसौर जिला प्रशासन के त्वरित एवं संवेदनशील प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।