चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार गुरुवार को जिले के उपखंड अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्राधिकार की नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारियों ने नगर परिषद चित्तौड़गढ़ एवं निम्बाहेड़ा तथा नगर पालिका रावतभाटा, बेगूं, कपासन, बड़ीसादड़ी एवं अकोला का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, अन्नपूर्णा रसोई, पार्कों की स्थिति, पौधारोपण एवं सीवरेज व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
इसके अतिरिक्त भूमि शाखा से संबंधित प्रकरण, नामांतरण एवं स्थानांतरण के लंबित मामले, भवन मानचित्रों के निस्तारण, उपविभाजन संबंधी प्रकरण, संपर्क पोर्टल एवं लोकायुक्त से संबंधित शिकायतों के निस्तारण तथा विधानसभा एवं लोकसभा प्रश्नों की अनुपालना की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
उपखंड अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर निकायों में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।