शाजापुर। विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मक्सी रेलवे स्टेशन पर मानव एवं बाल तस्करी के विरुद्ध जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, रेलवे पुलिस एवं विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, शाजापुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी एवं सहायक संचालक नीलम चौहान के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मानव तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के जिला प्रभारी शुभम जोशी ने यात्रियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि "भीख देकर धर्म नहीं कमाया जा सकता।" उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चौराहे अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर भीख मांगता हुआ दिखाई दे, तो उसे पैसे देने के बजाय उसकी स्थिति को समझने का प्रयास करें तथा इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें। इससे संबंधित विभाग एवं बाल संरक्षण तंत्र द्वारा बच्चे को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर उसके परिवार तक पहुंचाने एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के आउटरीच वर्कर अतुल जादौन ने मानव तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति, बाल अधिकारों तथा संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना संबंधित विभागों को देने के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से बाल तस्करी एवं बाल भिक्षावृत्ति मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। साथ ही, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की कार्यप्रणाली एवं उसकी उपयोगिता से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में विशेष किशोर पुलिस इकाई से मधु पुष्पद, मक्सी आरपीएफ से उप निरीक्षक गुरुदयाल सिंह तथा विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन से रवि मालवीय एवं देवेंद्र राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।