कसरावद। थाना कसरावद द्वारा चलाए गए ष्नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 नशा मुक्ति अभियान का गुरुवार को पैरामाउंट स्कूल, कसरावद में गरिमामयी समापन समारोह आयोजित किया गया। 15 दिनों तक चले इस जनजागरूकता अभियान के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जागरूक किया गया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्वेता शुक्ला रहीं। कार्यक्रम में अभियान के दौरान आयोजित रैली, नुक्कड़ नाटक, स्कूल-कॉलेजों में व्याख्यान, शपथ ग्रहण और जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले पत्रकारों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवकों, ग्राम सुरक्षा समितियों तथा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में एसडीओपी श्रीमती श्वेता शुक्ला ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए नागरिकों से अपील की कि अवैध नशे के कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश त्रिपाठी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के समापन पर सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।