निम्बाहेड़ा। हज यात्रा-2027 के लिए राजस्थान के हज आवेदकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा गुरुवार, 30 जुलाई को प्रातः 11 बजे आयोजित हज कुर्रा (लॉटरी) में राजस्थान के सभी 5,919 हज आवेदकों का चयन हो गया है। चयन सूची में निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ सहित प्रदेशभर के सभी पात्र आवेदकों को स्थान मिला है जिससे हज यात्रियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है।
निम्बाहेडा हज खिदमत कमेटी के सदर मतलूब अजमेरी ने बताया कि इस बार राजस्थान प्रदेश के सभी 5919 हज आवेदकों का चयन हो गया है, जिसमें निम्बाहेडा के 29 हज यात्रियों सहित चितौड़गढ़ जिले के कुल 105 यात्री हज 2027 के लिए जाएंगे, चयनित आवेदकों को आगामी 10 अगस्त तक ₹1,52,300 की प्रथम किस्त अनिवार्य रूप से जमा करानी होगी। निर्धारित समयावधि में राशि जमा होने के बाद ही हज यात्रा की आगामी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। लॉटरी खुलते ही कमेटी के सदर अजमेरी, शकील अहमद, भाया बैट्री सहित पदाधिकारियों की और से चयनित हुए मोहसिन खान (ठेकेदार) एवं फारुख निजामी का गुलपोशी कर इस्तकबाल किया गया।
हज खिदमत कमेटी के सचिव हाजी अख्तर पटेल ने बताया कि निम्बाहेडा के चयनित हज यात्रियों के लिए 1 अगस्त शनिवार को प्रातः 9 बजे स्थानीय जिला चिकित्सालय परिसर के पास स्थित मदर्स डायग्नोस्टिक एण्ड डिजिटल एक्सरे सेंटर पर निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। जिसमें ई.सी.जी, ब्लड शुगर, एक्सरे सहित आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जाएगी। कमेटी ने अपील की है कि मेडिकल कैंप में सभी हज यात्री एक पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड जरूर साथ में लावें।
हज कमेटी द्वारा सभी हज यात्रियों से समय रहते पहली किस्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। साथ ही सभी चयनित यात्रियों से हज कमेटी द्वारा जारी आगामी दिशा-निर्देशों का नियमित रूप से पालन करने का भी आग्रह किया गया है।