झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बुधवार को सिविल अस्पताल थांदला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल स्टाफ से परिचय प्राप्त कर चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली। वर्तमान में अस्पताल में 7 चिकित्सकों के कार्यरत होने की जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने पीआईसीयू का निरीक्षण करते हुए वेंटिलेटर की कमी पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सिकल सेल एनीमिया की जांच हेतु सिकलिंग टेस्ट सुविधा अस्पताल में उपलब्ध होने की जानकारी ली तथा एचएसबीसी टेस्ट को भी सिविल अस्पताल स्तर पर प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ओपीडी पंजीयन प्रक्रिया को आभा आईडी आधारित डिजिटल प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
एनेस्थेटिक विशेषज्ञ की कमी से सर्जरी सेवाएं प्रभावित होने पर कलेक्टर ने आवश्यक व्यवस्था का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों एवं स्टाफ को सेवा भाव के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, एसडीएम थांदला भास्कर गाचले एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।