मुरैना। जिले में यूरिया खाद की किल्लत के बीच किसान घंटों तक वितरण केंद्रों पर लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। गुरुवार को मुरैना शहर की गल्ला मंडी स्थित खाद वितरण केंद्र पर किसानों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए मंजीरा बजाकर रामधुन और ष्सीताराम-सीतारामष् का जाप किया। इससे जहां उनका समय आसानी से बीता, वहीं लंबी कतार में सकारात्मक माहौल भी बना रहा।
खरीफ सीजन में यूरिया की बढ़ती मांग के कारण खाद वितरण केंद्रों पर रोज बड़ी संख्या में किसान पहुंच रहे हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों इंतजार करने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंबाह में खाद लेने के दौरान एक महिला किसान की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
किसान संजीव खेमरिया ने बताया कि उन्हें पहले से ही लंबी लाइन का अंदेशा था। इसलिए वे अपने साथ मंजीरा लेकर आए और इंतजार के दौरान रामधुन शुरू कर दी। धीरे-धीरे अन्य किसान भी इसमें शामिल हो गए, जिससे तनाव कम हुआ और समय भी सहजता से बीत गया।
इधर, अंबाह में खाद और बिजली की समस्या को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। अध्यक्ष सतेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर किसानों को पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने, कृषि कार्यों के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, दिमनी के गोट फीडर का खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने तथा ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने की मांग की।
लगातार बढ़ती खाद की मांग और सीमित उपलब्धता के कारण जिले में किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। किसान जल्द से जल्द पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।