नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को टाउन हॉल में आयोजित राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी शासकीय कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्गों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के राजस्व मामलों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए।
बैठक में एडीएम बीएस कलेश सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 4000 हेक्टेयर से अधिक शासकीय भूमि का संरक्षण किया जा चुका है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में नीमच जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है, जो टीम की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व रिकॉर्ड को अद्यतन रखें, शासकीय भूमि का सीमांकन एवं तरमीम कार्य शीघ्र पूर्ण करें तथा अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
राजस्व न्यायालयों के आदेशों के पालन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आदेशों का अनुपालन समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए और एक सप्ताह में इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही फार्मर आईडी, आरओआर, ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग एवं नक्शा निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।