नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सामाजिक संस्थाओं के समन्वय एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं में उनकी भागीदारी को लेकर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव तथा डिप्टी कलेक्टर पराग जैन उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से दृष्टि योजना अंतर्गत ‘पंख’ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में जिले में विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों के कार्यों को विस्तार देने एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई।
जिला समन्वयक वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए परिषद की विभिन्न योजनाओं एवं जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि जिले में कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों की एक जिला स्तरीय निर्देशिका (डायरेक्टरी) तैयार की जाएगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत स्वयंसेवी संगठनों का सूचीकरण किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संस्थागत कार्यों की जानकारी साझा की। कलेक्टर चंद्रा ने पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, नशामुक्ति अभियान, लोककला, रोजगार एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में स्वैच्छिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समस्याओं का समाधान समाज की भागीदारी से ही संभव है। सभी संस्थाएँ अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, अतः शासन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए। साथ ही बाल विवाह उन्मूलन, स्कूलों में योग, बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण, पौधरोपण, जल संरक्षण, गौशाला प्रबंधन जैसे अभियानों में भी सहयोग आवश्यक है।
जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनसहभागिता से व्यापक कार्य करने पर बल दिया तथा योग, ध्यान एवं भजन संध्या जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का सुझाव दिया।
डिप्टी कलेक्टर पराग जैन ने जनगणना अंतर्गत स्व-जनगणना की प्रक्रिया एवं इसके ऑनलाइन सबमिशन के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
बैठक में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता एवं समन्वित प्रयासों से जिले में विकास कार्यों को गति देने पर सहमति व्यक्त की गई।