रतलाम। संचालनालय आयुष, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार आज 23 अप्रैल को शासकीय आयुर्वेद औषधालय खजुरी देवड़ा एवं सरसी में आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा अंतर्गत विभिन्न पोषण गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किए गए।
खजुरी देवड़ा में आयोजित शिविर में कुल 35 महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान उन्हें उचित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई तथा ऋतु अनुसार आहार-विहार के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जांच उपरांत रोगानुसार आयुर्वेदिक औषधियाँ भी वितरित की गईं।
इसी प्रकार सरसी में आयोजित कार्यक्रम में 26 महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अभिभावकों को बच्चों के लिए स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग के संबंध में परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान संवादात्मक सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों के प्रश्नों के उत्तर दिए गए तथा उन्हें दैनिक आहार में फल एवं हरी सब्जियों को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
शिविर में उपस्थित लोगों को संतुलित एवं पोषक आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।