खरगोन। जिले के महेश्वर के करही नगर में महज 150 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक 15 वर्षीय नाबालिग की जान ले ली। घटना करही थाना क्षेत्र के पाडल्या रोड स्थित एक गैराज की है, जहां काम करने वाले दो किशोरों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामदड़ निवासी नाबालिग बालक सोहन और शानू खान के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शी सावन पिता विक्रम चावले के मुताबिक, विवाद के दौरान शानू खान ने सोहन के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल बालक को तुरंत करही के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी शानू खान के करही स्थित मकान में आग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करही बाजार तत्काल बंद करा दिया गया और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया है, जिससे पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया।
पुलिस ने आरोपी शानू खान को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने मृतक के परिजनों और समाजजनों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा, यहां तक कि मृत्युदंड देने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है, साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।