गरोठ। बर्रामा क्षेत्र में प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। गांधी सागर डैम के बैकवाटर में चल रहे यात्री स्टीमर और नावों की सघन जांच शुरू कर दी गई है, और जांच पूरी होने तक इनके संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
एसडीएम राहुल चौहान, एसडीओपी विजय यादव, टीआई बलवीर यादव और तहसीलदार की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। इस दौरान स्टीमरों के बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट, लाइसेंस और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
एसडीएम राहुल चौहान ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक सभी स्टीमर सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते और जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन का मानना है कि यह सख्ती यात्रियों की जान की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को पहले ही रोका जा सके।