चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन ‘सुदर्शन चक्र-2’ के तहत कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी कट्टा (पिस्टल) व तीन कारतूस बरामद कर ₹10 हजार के इनामी आरोपी सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक कार भी जब्त की गई है।
मुखबिर सूचना पर की गई नाकाबंदी-
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बद्रीलाल के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी रामसुमेर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। रविवार को एएसआई सूरज कुमार टीम के साथ मुखबिर से सूचना मिलने पर जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की गई। सूचना के अनुसार नीमच की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार को रोका गया, जिसमें तीन व्यक्ति सवार थे।
तलाशी में मिला अवैध हथियार-
वाहन की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा (पिस्टल नुमा) एवं तीन कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने नियमानुसार हथियार जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में पुलिस द्वारा आगे अनुसंधान किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी-
- आशुतोष पुत्र ओमप्रकाश (37), निवासी सार्थक नगर, सावेर रोड, उज्जैन
- यशवेंद्र पुत्र जितेंद्र (28), निवासी शिव शक्ति नगर, आगरा रोड, उज्जैन
- निखिल मीणा पुत्र राजेश मीणा (24), निवासी शीतला माता मंदिर के पास, उज्जैन
इनामी आरोपी पर 22 प्रकरण दर्ज-
पुलिस के अनुसार आरोपी यशवेंद्र के खिलाफ कुल 22 प्रकरण दर्ज हैं और वह 4 मामलों में फरार चल रहा था। उस पर थाना चिमनगंज मंडी, जिला उज्जैन द्वारा ₹10 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस टीम-
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामसुमेर, एएसआई सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल हरविंदर सिंह, कांस्टेबल शिशपाल, विजय सिंह, हेमंत, रणजीत एवं जगदीश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।