नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत जिला नीमच में युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में पुलिस लाइन कनावटी में हरित प्रदेश अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक व्यास ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा नहीं करने की शपथ दिलाई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।
इसी अभियान के तहत खेलों से जुड़ो, नशे को छोड़ो के संदेश के साथ दशहरा मैदान, नीमच में आयोजित पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। 29 जुलाई को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में ईगल फुटबॉल क्लब एवं एनएफए ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों विजेता टीमें अब पुलिस कप के खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक भी मौजूद रहे।
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। जनसहयोग एवं सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हो रहा है।