शाजापुर। विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर शाजापुर के महिला थाना परिसर में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 'नशा मुक्ति 2.0' अभियान के तहत किया गया, जिसमें मानव तस्करी एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'यमराज' की विशेष प्रस्तुति रही, जिसमें कलाकार ने यमराज का रूप धारण कर नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशे की लत किस प्रकार व्यक्ति, परिवार और समाज को प्रभावित करती है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने के गंभीर परिणामों एवं सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। समाज में नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ कोतवाली थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी, अजाक थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से नशे से दूर रहने, मानव तस्करी जैसे अपराधों के प्रति सजग रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।