नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावद संजीव साहू के मार्गदर्शन में तहसील सिंगोली के ग्राम जाट (टप्पा रतनगढ़) में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार सर्वे क्रमांक 439/1/3 की लगभग 0.10 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अवैध रूप से पत्थर की दीवार एवं बाड़ा बनाकर कब्जा कर लिया गया था। शिकायत प्राप्त होने पर नायब तहसीलदार रूप सिंह राजपूत के नेतृत्व में राजस्व अमले, जाट पुलिस चौकी तथा ग्राम पंचायत के सहयोग से मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया।
उक्त अतिक्रमित शासकीय भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 10 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर पुनः शासन के कब्जे में लिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे अथवा अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।