सनावद। नगर में प्रेस क्लब एसोसिएशन द्वारा नगर पालिका परिषद कक्ष में विश्व के प्रथम संदेश वाहक नारद जी की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नारद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कवि प्रवीण शर्मा, प्रखर वक्ता प्रभात पंडित, दिनेश शर्मा, पूर्व नपा अध्यक्ष रामचरण कुशवाह एवं इंदर बिरला उपस्थित रहे। प्रेस क्लब के सदस्यों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने नारद जी के संदेशवाहक रूप और उनकी संवाद शैली को आधुनिक पत्रकारिता के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही आज के दौर में मीडिया की भूमिका, चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर भी विचार साझा किए गए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के सदस्य और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।