मनासा। जल संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सोमवार को ब्लॉक मनासा के सेक्टर कंजार्डा में जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में प्रस्फुटन ग्राम कंजार्डा में गोराकुंड से चारभुजा नाथ मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके पश्चात बालाजी मंदिर गोराकुंड बावड़ी पर वृक्ष पूजन, बावड़ी पूजन एवं स्वच्छता श्रमदान किया गया। लगभग एक घंटे चले सामूहिक श्रमदान में ग्रामीणों और उपस्थित जनों ने मिलकर बावड़ी के आसपास फैली गंदगी को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर परामर्शदाता कुसुम चौहान, प्रहलाद धनगर, नवांकुर संस्था के विवेकानंद युवा मंडल से अरुण कुमार, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष अनिल मालवीय, सचिव राजेश कुमार मालवीय सहित समिति सदस्य रामचंद्र जी मालवीय, सेवानिवृत्त शिक्षक मोतीलाल जी बादशाह, धाकड़ पृथ्वीराज जी मालवीय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पिछले दो माह से इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
यह आयोजन जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बना।