सोनकच्छ। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के आव्हान पर सोमवार को भोपाल में प्रस्तावित किसान महाआंदोलन को देखते हुए देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र में प्रशासन ने सख्ती बरती। किसान संघ के कई नेताओं को उनके घरों पर नजरबंद कर दिया गया, साथ ही थाना प्रभारी सहित पुलिस बल तैनात किया गया।
स्थानीय कृषि उपज मंडी के मुख्य द्वार पर भी ताले लगा दिए गए, ताकि किसान एकत्रित न हो सकें और किसी प्रकार का आंदोलन न हो। वहीं भोपाल हाइवे पर धार, रतलाम, उज्जैन सहित अन्य जिलों के पदाधिकारियों को भोपाल जाने से रोका गया।
महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रिलोक गोठी और संतोष जाट को उनके गृह ग्राम बावई और धतुरिया राम में नजरबंद किया गया। उनसे मिलने जिला स्तर के पुलिस अधिकारी और एसडीएम भी पहुंचे।
बताया जा रहा है कि महासंघ अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन कर रहा है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जिले में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।