गरोठ। तहसील के ग्राम कोटडाबुजुर्ग में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा और आंधी के साथ हुई ओलावृष्टि ने क्षेत्र में मौसम को पूरी तरह बदल दिया और भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।
गांव में तेज हवाओं के बीच करीब पौन घंटे तक बारिश का दौर जारी रहा। ओले गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिनभर की उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि आंधी काफी तेज रही, लेकिन गनीमत यह रही कि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से पड़ रही गर्मी के बाद हुई यह बारिश किसानों और आमजन दोनों के लिए राहतभरी साबित हुई।