मंदसौर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत भानपुरा विकासखंड के ग्राम परोनिया में पेयजल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल स्रोतों की साफ-सफाई से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही और जल संरक्षण व स्वच्छता का संदेश दिया गया।
पीएचई विभाग की टीम ने फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से स्कूलों व आंगनवाड़ी के पेयजल नमूनों की जांच की। जिला सलाहकार मुकेश गुप्ता सहित तकनीकी टीम ने मौके पर परीक्षण कर परिणामों की जानकारी दी।
इस दौरान जल स्रोतों का स्वच्छता सर्वेक्षण भी किया गया तथा आवश्यक सुधार के सुझाव दिए गए। ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को सशक्त बनाने और जलकर वसूली के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों को पानी की गुणवत्ता जांचने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया तथा प्रमुख मानकों की जांच कर उनके परिणाम मौके पर प्रदर्शित किए गए। दूषित पानी मिलने पर नमूनों को लैब में विस्तृत जांच के लिए भेजने की जानकारी दी गई।
साथ ही जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्भरण (रिचार्जिंग) के उपाय अपनाने की अपील की गई।