चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 (एफ) (1) के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी द्वारा अवैध रूप से अर्जित करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति (भूमि एवं होटल) को फ्रीज किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज, उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के आदेशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ तथा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थाना मंगलवाड़ पुलिस द्वारा रामेश्वर उर्फ रामेश्वर लाल (पिता मोती लाल, जाति अहीर, निवासी चकतिया, थाना मंगलवाड़) के खिलाफ जांच की गई। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण कार्यालय उप नारकोटिक्स आयुक्त, नीमच (मध्यप्रदेश) तथा पुलिस थाना वाघोली, जिला पुणे शहर (महाराष्ट्र) में दर्ज है।
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति (भूमि/होटल) आराजीयात पटवार हल्का नंगावली, खाता नंबर 996, 459, 178, 1141 में स्थित है, जिसे फ्रीज करने हेतु सक्षम प्राधिकारी (Competent Authority & Administrator, SAFEM (FOP)A & NDPS Act, दिल्ली) को प्रस्ताव भेजा गया। इसके पश्चात सुनवाई के बाद भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी द्वारा आरोपी की कुल 1.2081 हेक्टेयर भूमि एवं होटल को फ्रीज करने का स्थायी अनुमोदन आदेश जारी किया गया। फ्रीज की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये है। पुलिस टीम में थानाधिकारी भगवान लाल, एएसआई भैरूलाल, कांस्टेबल राकेश कुमार, टंवरसिंह, गजेन्द्र, रोशन, गजेन्द्र कुमार, प्रेमाराम एवं चन्द्रशेखर शामिल रहे।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नार्को टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।