मनासा। मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनासा में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की छात्राओं के लिए 20 दिवसीय ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण का आयोजन विद्यालय की प्राचार्य साधना सोनी के मार्गदर्शन एवं व्यावसायिक प्रशिक्षक अनीता लोगड़ के निर्देशन में किया गया। इसमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को थ्रेडिंग, वैक्सिंग, मेनिक्योर, पेडिक्योर, फेशियल, हेयर स्पा, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप, ब्लीच तथा मेहंदी डिज़ाइनिंग सहित विभिन्न व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। सभी गतिविधियां प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) रूप से कराई गईं, जिससे छात्राओं को कार्य का वास्तविक अनुभव प्राप्त हो सका।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। इस दौरान उन्हें ग्राहक सेवा, स्वरोजगार एवं उद्योग-व्यवसाय की व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करते हैं, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।