चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पूर्व में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में प्राप्त प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा एवं फॉलोअप के उद्देश्य से जिले में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर-2026 का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 एवं 28 जुलाई को जिले की 26 ग्राम पंचायतों में फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में ग्रामीणों को राजस्व, पंचायतीराज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशुपालन, विद्युत, जलदाय, शिक्षा तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही पूर्व में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए शेष लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक मौके पर उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे। पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, लंबित प्रकरणों का निस्तारण, प्रमाण-पत्र जारी करने तथा अन्य विभागीय सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को सावा नगरी, पारसोली, सुवाणिया, उण्डवा, दामाखेड़ा, बारू, देवपुरा, टाई, उंखलिया, पोटलाकलां, लक्ष्मीपुरा, लोठियाना सहित 13 ग्राम पंचायतों में फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी प्रकार 28 जुलाई को ओछड़ी, सोनगर, बोलो का सांवता, बिछोरखेड़ी, बांगेड़ा घाटा, बडावली, करजाली, आरणी, जवाहरनगर, नन्नाणा, अमीरामा एवं ईडरा सहित 13 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित फॉलोअप शिविरों में उपस्थित होकर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपने लंबित प्रकरणों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराएं।