चित्तौड़गढ़। गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तथा गोवंश संरक्षण के लिए पूरे देश में एक समान प्रभावी केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग को लेकर गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत 27 जुलाई (सोमवार) को देशभर के लगभग 900 जिला मुख्यालयों पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ में प्रातः 8 बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम में विशाल आयोजन होगा।
गो सम्मान आह्वान अभियान के जिला संयोजक गौरव सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन का शुभारंभ विजय मंत्र के साथ होगा, जिसके बाद उपस्थित गोसेवक एवं नागरिक गोसंरक्षण और गोसम्मान के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत से गोसेवकों, गौभक्तों, संत-महात्माओं, मातृशक्ति, युवाओं, किसान प्रतिनिधियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
अभियान के तहत चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में जिलेभर से 5 लाख से अधिक हस्ताक्षर एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जनसमर्थन के प्रार्थना-पत्र के साथ जिला कलेक्टर को सौंपा जाएगा। प्रार्थना-पत्र में गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गोवंश संरक्षण के लिए सशक्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग की जाएगी।
गौरव सोमानी ने बताया कि अभियान का प्रथम चरण 27 अप्रैल को देशभर की लगभग 5,400 तहसीलों में ज्ञापन सौंपकर संपन्न हुआ था। अब द्वितीय चरण के अंतर्गत देश के लगभग 900 जिला मुख्यालयों पर जिलाधीशों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।
उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस शांतिपूर्ण एवं जनजागरण आधारित अभियान को सफल बनाने की अपील की है।