नीमच। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत रविवार को दशहरा मैदान में पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में खेलों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश देते हुए युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।
टूर्नामेंट का शुभारंभ नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उपस्थित खिलाड़ियों और नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी लड़ाई मैदान में पसीना बहाकर ही जीती जा सकती है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल कभी नीमच की पहचान रहा है और ऐसे आयोजन इसे पुनः गौरव दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति-चिन्ह भेंट किए।
कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने जिला पुलिस की इस पहल को नवाचारपूर्ण एवं सराहनीय बताते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश युवाओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान पर चल रहे विरोध के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर विधायक ने कहा कि नीमच में खेल गतिविधियों के लिए अन्य मैदान भी उपलब्ध हैं। खेल जितने आवश्यक हैं, उतनी ही शिक्षा भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि क्रमांक-2 का परिसर सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए सबसे उपयुक्त है तथा वहां निर्माण कार्य प्रारंभ करने की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। विधायक ने कहा कि विरोध करने वालों को भी व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए विचार करना चाहिए।