नीमच। शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता को सम्मानित करने की प्रेरणादायी पहल के तहत मेघवाल समाज जिला इकाई एवं युवा मेघवाल समाज संगठन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नीमच के टाउन हॉल में चतुर्थ जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर मार्गदर्शन-2026 का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों, नव नियुक्त एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, युवा, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह के मुख्य अतिथि नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक माधव मारू तथा कांग्रेस जिलााध्यक्ष तरुण बाहेती थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मेघवाल समाज संगठन, मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश जावरिया ने की।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, खेलकूद तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के नव नियुक्त एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का अभिनंदन भी किया गया।
इस अवसर पर इंजीनियर राहुल मेघवाल एवं तहसीलदार मृगेंद्र सिसौदिया ने युवाओं को करियर, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और युवा अपनी प्रतिभा, परिश्रम तथा सकारात्मक सोच के बल पर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं।
मेघवाल समाज जिला अध्यक्ष गोपाल कृष्ण श्रीमाल ने बताया कि समारोह के माध्यम से समाज की एकजुटता, शिक्षा के महत्व तथा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम ने युवाओं में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास जगाने के साथ शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी नारायण मेघवाल एवं विनोद मेघवाल ने किया। समारोह के अंत में प्रतिभाओं के सम्मान और करियर मार्गदर्शन की इस पहल को समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।