शाजापुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 31 मई 2026 को प्रस्तावित शुजालपुर दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ऋजु बाफना एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।
मंत्री परमार ने मां शारदा सांदीपनि विद्यालय एवं शासकीय जेएनएस महाविद्यालय, शुजालपुर पहुंचकर रोड शो, लोकार्पण, भूमिपूजन, प्रदर्शनी तथा अन्य प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ऋजु बाफना एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजकुमार हलदर सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।