नीमच। जिले की जनसुनवाई में ग्राम रतनपुरा निवासी किसान नानालाल गुर्जर ने राजस्व अधिकारियों पर कलेक्टर न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने तथा लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
जनसुनवाई में प्रस्तुत आवेदन के अनुसार किसान ने बताया कि उनकी कृषि भूमि के बंटवारे संबंधी प्रकरण में कलेक्टर न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में आदेश पारित किया गया था, लेकिन सात माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आदेश का पालन नहीं किया गया। किसान का आरोप है कि आज तक उनकी भूमि का बटांकन एवं नक्शा तरमीम नहीं किया गया है।
नानालाल गुर्जर ने आवेदन में उल्लेख किया कि 22 मई 2026 को नायब तहसीलदार, गिरदावर एवं पटवारी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान अधिकारियों ने भूमि के मध्य शासकीय भूमि होने का हवाला देते हुए कार्रवाई में असमर्थता जताई। किसान का कहना है कि यह तर्क न्यायालय के आदेश के विपरीत है तथा जानबूझकर कार्रवाई को टाला जा रहा है।
किसान ने राजस्व अधिकारियों पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत का संदेह व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि इसी कारण स्पष्ट आदेश होने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा उनकी भूमि का विधिवत बटांकन एवं नक्शा तरमीम कराने की मांग की है।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के माध्यम से किसान ने प्रशासन से शीघ्र न्याय दिलाने एवं लंबित राजस्व कार्रवाई को पूरा कराने की अपील की है।