प्रतापगढ़। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर दीपेश्वरी तालाब स्थित मुक्तिधाम में विराजमान प्राचीन दादा भैरवनाथ एवं मसान वाली महाकाली माता मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा हवन, विशेष पूजा-अर्चना और भव्य महाआरती में सहभागिता कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जिले में आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित इस पावन धाम पर दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि दादा भैरवनाथ एवं महाकाली माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर भक्त अपनी श्रद्धानुसार प्रसाद अर्पित कर आभार व्यक्त करते हैं।
मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दादा भैरवनाथ एवं महाकाली माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तों का कहना है कि मुक्तिधाम परिसर में स्थित होने के बावजूद इस स्थान की दिव्य आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा उन्हें विशेष रूप से आकर्षित करती है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात्रिकाल में भी दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए निर्माण एवं विकास कार्य भी निरंतर जारी हैं। स्थानीय नागरिकों एवं भक्तों के सहयोग से मंदिर परिसर का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार दादा भैरवनाथ एवं मसान वाली महाकाली माता का यह धाम प्रतापगढ़ जिले में श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।