शाजापुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शाजापुर पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार संवेदनशील इलाकों में जनसंपर्क कर रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी मोहर्रम के त्यौहार को शांति के साथ मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तैयारी में है। इसी क्रम में, पुलिस की टीमें अलग-अलग मोहल्लों में जाकर स्थानीय निवासियों और जिम्मेदार नागरिकों से संवाद कर रही हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी भाईचारे के साथ त्यौहार मनाएं। कोतवाली पुलिस ने शहर के प्रबुद्ध जनों से भी शांति के साथ त्योहार संपन्न हो इसके लिए माध्यम से सहयोग मांगा है, ताकि त्यौहार का आयोजन परंपरा और मर्यादा के साथ संपन्न हो सके।