मंदसौर। मंडी शुल्क में वृद्धि के विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर की कृषि उपज मंडियों में एक दिवसीय व्यापार बंद रखा जाएगा। इसके चलते मंदसौर कृषि उपज मंडी में भी कृषि उत्पादों की खरीद-बिक्री और नीलामी पूरी तरह बंद रहेगी।
मंडी सचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने बताया कि सकल अनाज, दलहन एवं तिलहन व्यापारी महासंघ, मध्यप्रदेश द्वारा मंडी शुल्क को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने के विरोध में प्रदेशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है।
इस आह्वान के समर्थन में दशपुर मंडी व्यापारी संघ, मंदसौर ने भी मंडी प्रशासन को सूचना देते हुए बताया है कि जिले के सभी व्यापारी 24 जून को प्रस्तावित हड़ताल में शामिल रहेंगे।
हड़ताल के चलते पूरे दिन कृषि उपज की खरीद-बिक्री एवं नीलामी कार्य बंद रहेंगे। मंडी प्रशासन ने किसानों, व्यापारियों तथा हम्माल-तुलावटी बंधुओं से सहयोग की अपील की है।
मंडी सचिव ने किसानों से विशेष अनुरोध किया है कि वे हड़ताल के दिन अपनी कृषि उपज विक्रय हेतु मंडी न लाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अगले कार्य दिवस पर अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचें।
मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल के कारण मंडी में किसी प्रकार की खरीद-बिक्री नहीं होगी और सभी व्यापारिक गतिविधियां पूर्णतः बंद रहेंगी।