दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले की ग्राम पंचायत सिजोरा में श्मशान घाट की बदहाल स्थिति सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। श्मशान परिसर में चारों ओर पानी, कीचड़ और गड्ढे होने से अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात इतने खराब हैं कि लकड़ी-कंडे से भरा ट्रैक्टर तक कीचड़ में फंस गया। श्मशान घाट तक पैदल पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में लोगों को दूर से लकड़ी-कंडे लेकर श्मशान स्थल तक पहुंचना पड़ रहा है।
अंतिम संस्कार के दौरान सामने आई बदहाली
भाजपा नेता पवन रजक के पिता के अंतिम संस्कार के दौरान भी श्मशान घाट की यही बदहाल तस्वीर सामने आई। बारिश के बाद परिसर में जलभराव और कीचड़ के कारण अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को काफी परेशानी हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट जैसी मूलभूत सुविधा का यह हाल बेहद चिंताजनक है। उन्होंने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से श्मशान घाट परिसर में तत्काल जल निकासी, रास्ते और परिसर के समुचित सुधार की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जब अंतिम यात्रा के दौरान भी लोगों को इतनी दुश्वारियों का सामना करना पड़े, तो गांवों में बेहतर श्मशान घाट उपलब्ध कराने के सरकारी दावों की जमीनी हकीकत क्या है?