नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच के संगीत विभाग द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों की स्मृति में भव्य म्यूजिक कंसर्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना तथा देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीदों के प्रति कृतज्ञता और श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से विशेष रूप से विभाजन विभीषिका में पीड़ित हुए अनगिनत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सुरमयी प्रस्तुतियों ने बांधा समां-
कंसर्ट में संगीत विभाग की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सुरमयी प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. संजय बिजोलिया एवं डॉ. अमृता सोनी ने मुख्य गायकों के रूप में सुमधुर प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
नीमच क्षेत्र के सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं संगीतप्रेमी जम्बूकुमार जैन ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति देकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. बीना चौधरी ने अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के गीतों और राष्ट्रभावना से सराबोर नजर आया।