मनासा। ग्राम परदा के समीप एक मूंगफली के खेत में करीब 12 फीट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों में कौतूहल का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार ग्राम भाटखेड़ी निवासी घनश्याम पिता बंशीलाल पाटीदार ने दोपहर करीब 2 बजे वन विभाग के उपवनमंडलाधिकारी मनासा कुलदीप सिंह ठाकुर को सूचना दी कि ग्राम परदा के पास स्थित उनके मूंगफली के खेत में एक अजगर दिखाई दिया है।
सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए वन परिक्षेत्राधिकारी मनासा के माध्यम से रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 12 फीट लंबा और 20 किलो वजनी अजगर सुरक्षित रूप से पकड़ लिया।
वन विभाग के अनुसार अजगर पूरी तरह स्वस्थ था। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
वन विभाग की टीम का रहा विशेष योगदान-
रेस्क्यू कार्य में महेश पाटीदार, बीट प्रभारी रावतपुरा, भानुप्रताप सिंह चुंडावत, बीट जमुनिया, मनासा तथा शासकीय वाहन उड़नदस्ता चालक प्रेम सिंह गौड़ का विशेष योगदान रहा।