चित्तौड़गढ़। भारतीय मजदूर संघ (भामस) के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत जिला मुख्यालय पर चल रहे प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को भारतीय ऑटो चालक यूनियन ने भी भागीदारी की। यूनियन के चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष राकेश पटवा के नेतृत्व में ऑटोचालकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष राकेश पटवा ने बताया कि भामस के राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन में ऑटो चालक यूनियन ने शामिल होकर ऑटोचालकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से परिषद क्षेत्र में ऑटोचालकों को आवास के लिए सस्ते दर पर भूखंड उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसके अलावा ऑटोचालकों के चालान और अन्य परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि ऑटो चालक रोजाना शहर की परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान यूनियन के उपाध्यक्ष हैदर खान, नगर अध्यक्ष जसपालसिंह अरोड़ा (बॉबी भाई), वरिष्ठ उपाध्यक्ष जब्बार भाई, सचिव गोपाल सोनी, कोषाध्यक्ष मो. रशीद (गब्बार), जिला महासचिव इश्तियाक (कालू), जिला महामंत्री जावेद खान, जिला संगठन मंत्री मोहनलाल, नगर उपाध्यक्ष महेश मेनारिया, प्रचार-प्रसार मंत्री जानू खान, संयुक्त मंत्री सूर्यप्रकाश, नगर संरक्षक अनिश खान, जिला संरक्षक मंत्री हेमंत गुडवीन (बड़े भैया), नगर महामंत्री गगन दामानी और नगर महासचिव इनायत अली सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।