पिपलियामंडी। लहसुन से भरी ट्रक चोरी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। करीब 20 लाख रुपए की अनुमानित कीमत की लहसुन उपज चोरी होने के बाद मंडी व्यापारियों में भारी आक्रोश है। मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराज मंडी व्यापारी संघ एकजुट हो गया और विरोध स्वरूप मंडी में नीलामी बंद कर दी।
व्यापारियों का आरोप है कि चोरी हुई उपज के संबंध में जानकारी सामने आने के बावजूद अभी तक लहसुन की बरामदगी नहीं हो सकी है और न ही मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है। इसी के विरोध में सभी व्यापारी एकजुट होकर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने से मुलाकात कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों ने पुलिस से चोरी हुई लहसुन की उपज बरामद करने के साथ ही मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने व्यापारियों को मामले में जल्द उचित एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अब व्यापारियों की नजर पुलिस कार्रवाई पर है। करीब 20 लाख रुपए की लहसुन चोरी के इस मामले में उपज की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है।